scorecardresearch
रविवार, 1 जून, 2025
होमदेशन्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा व न्यायमूर्ति सीडी सिंह ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की शपथ ली

न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा व न्यायमूर्ति सीडी सिंह ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की शपथ ली

Text Size:

प्रयागराज, सात अप्रैल (भाषा) न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और न्यायमूर्ति चंद्र धारी सिंह ने सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने न्यायमूर्ति सिन्हा और न्यायमूर्ति सिंह को शपथ दिलाई।

इससे पूर्व, राष्ट्रपति ने 28 मार्च को जारी अधिसूचना के तहत इन दो न्यायाधीशों का इलाहाबाद उच्च न्यायालय स्थानांतरण किया था। न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा को उड़ीसा उच्च न्यायालय से, जबकि न्यायमूर्ति चंद्र धारी सिंह को दिल्ली उच्च न्यायालय से स्थानांतरित किया गया है।

इन दो न्यायाधीशों के शपथ लेने के साथ ही अब इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर अब 82 हो गयी है जिनमें मुख्य न्यायाधीश भी शामिल हैं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय में 160 न्यायाधीशों के पद मंजूर हैं।

दो सितंबर, 1965 को जन्मे न्यायमूर्ति सिन्हा ने 11 मार्च, 1991 को अधिवक्ता के तौर पर नामांकन कराया था और कई वर्षों तक उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय में वकालत की थी। उन्होंने दीवानी, मध्यस्थता और संवैधानिक मामलों में वकालत की थी, लेकिन उनकी विशेषज्ञता दीवानी मामलों में है।

न्यायमूर्ति सिन्हा को 30 अक्टूबर, 2013 को कलकत्ता उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया गया था और 14 मार्च, 2016 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया गया।

बाद में उन्हें उड़ीसा उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया जहां उन्होंने आठ अक्टूबर, 2021 को न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली।

बारह जुलाई, 1969 को जन्मे न्यायमूर्ति चंद्र धारी सिंह ने 1993 में दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक किया था और 20 जुलाई, 1994 को अधिवक्ता के तौर पर अपना नामांकन कराया था।

उन्होंने “एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड” के तौर पर उच्चतम न्यायालय में वकालत की। न्यायमूर्ति सिंह ने दीवानी और फौजदारी के मामलों में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ, दिल्ली उच्च न्यायालय, अन्य उच्च न्यायालय आदि में वकालत की थी। वह कई मामलों में उच्चतम न्यायालय की संवैधानिक पीठ के समक्ष भी पेश हुए।

न्यायमूर्ति सिंह ‘सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन’ के संयुक्त सचिव और ‘सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड एसोसिएशन’ के मानद सचिव भी चुने गए।

उन्हें 22 सितंबर, 2017 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। बाद में उन्होंने छह सितंबर, 2019 को स्थायी न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली।

न्यायमूर्ति सिंह का 11 अक्टूबर, 2021 को स्थानांतरण दिल्ली उच्च न्यायालय कर दिया गया।

भाषा राजेंद्र

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments