scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशपत्रकार और पूर्व राजदूत एचके दुआ का निधन

पत्रकार और पूर्व राजदूत एचके दुआ का निधन

Text Size:

नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) वरिष्ठ पत्रकार एचके दुआ का बुधवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

उनके परिवार के एक सदस्य ने बताया कि उन्होंने आज दोपहर एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। दुआ पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और तीन सप्ताह पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा।

दुआ को संपादकीय स्वतंत्रता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता था। वह राज्यसभा (2009-2015) के मनोनीत सदस्य भी थे, जहां उन्होंने विदेशी मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अपने शानदार करियर में दुआ ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ (1987-94) के संपादक, ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ (1994-96) और ‘द ट्रिब्यून’ (2003-09) के प्रधान संपादक और ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ (1997-98) के संपादकीय सलाहकार के रूप में कार्य किया।

दुआ का जन्म एक जुलाई, 1937 को हुआ था। वह दो प्रधानमंत्रियों अटल बिहारी वाजपेयी और एच डी देवगौड़ा के मीडिया सलाहकार भी रहे।

उन्होंने डेनमार्क (2001-2003) में भारत के राजदूत के रूप में भी कार्य किया।

दुआ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य थे। वह कई प्रमुख संसदीय समितियों का भी हिस्सा थे, जिनमें विदेश मामलों की स्थायी समिति और गृह मंत्रालय की सलाहकार समिति शामिल थी।

पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित होने के साथ दुआ को पंजाब विश्वविद्यालय और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा डी.लिट (मानद) से भी सम्मानित किया गया था।

भाषा हक

हक संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments