scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशजेकेपीसीसी अध्यक्ष ने फारूक अब्दुल्ला पर हमले की निंदा की

जेकेपीसीसी अध्यक्ष ने फारूक अब्दुल्ला पर हमले की निंदा की

Text Size:

जम्मू, 12 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार देर रात हुए जानलेवा हमले की बृहस्पतिवार को कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा जिन लोगों को सौंपा गया है, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश में बुधवार रात को एक विवाह समारोह से निकलते समय अब्दुल्ला उस वक्त बाल-बाल बच गए जब एक बंदूकधारी ने पीछे से उन पर कथित तौर पर गोली चला दी।

घटना के वक्त उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी भी फारूक अब्दुल्ला के साथ थे।

आरोपी की पहचान 63 वर्षीय कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है, जो जम्मू में पुरानी मंडी का निवासी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने की ताक में था।

कर्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और अन्य वरिष्ठ नेताओं पर हुई गोलीबारी की भयावह घटना की मैं कड़ी निंदा करता हूं…। हिंसा की ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं।’’

उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध और अराजकता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा जिन लोगों को सौंपा गया है, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। जनता सुरक्षा, स्थिरता और सुरक्षित वातावरण की हकदार है और यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।’’

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments