scorecardresearch
रविवार, 8 जून, 2025
होमदेशभाजपा में शामिल हुए जजपा विधायक देवेंद्र बबली, अन्य नेता

भाजपा में शामिल हुए जजपा विधायक देवेंद्र बबली, अन्य नेता

Text Size:

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक व पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली, पार्टी के झज्जर के जिला प्रधान संजय कबलाना तथा पुलिस सेवा से हाल ही इस्तीफा देने वाले सुनील सांगवान ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।

पार्टी महासचिव अरुण सिंह, हरियाणा के सह-प्रभारी विप्लब देब, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की मौजूदगी में इन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर यह नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा के पक्ष में हवा बह रही है और विधानसभा चुनाव में उसकी जीत सुनिश्चित है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के तहत पांच अक्टूबर को राज्य में मतदान होना है। निर्वाचन आयोग ने पहले मतदान की तारीख एक अक्टूबर मुकर्रर की थी लेकिन बिश्नोई समुदाय के सदियों पुराने त्योहार को ध्यान में रखते हुए शनिवार को उसने मतदान की तारीख में बदलाव की घोषणा की।

आयोग ने कहा कि जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों की मतगणना अब चार अक्टूबर के बजाय आठ अक्टूबर को होगी।

देवेन्द्र बबली ने पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा की खुलकर मदद की थी और उन्हें उम्मीद थी कि इसके एवज में उन्हें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट जरूर मिलेगा। हालांकि, इन उम्मीदों को झटका लगने के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।

बबली ने वर्ष 2019 में भी टोहाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट मांगा था लेकिन जब टिकट नहीं मिली तो उन्होंने जजपा का दामन थाम लिया था। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा की हरियाणा इकाई के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था। बराला, अब हरियाणा से भाजपा के राज्यसभा सदस्य हैं।

बबली को जजपा कोटे से दिसंबर 2021 में राज्य सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री बनाया गया था। बाद में दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था।

कबलाना ने पिछले दिनों अपने समर्थकों के साथ जजपा को अलविदा कह दिया। उन्होंने वर्ष 2019 में बादली से जजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था।

भाजपा में शामिल होने वाले सुनील सांगवान, हरियाणा के पूर्व राजस्व एवं सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे हैं। पिछले दिनों उन्होंने राजनीतिक पारी शुरु करने के लिए भौंडसी (गुरुग्राम) जेल अधीक्षक के पद से इस्तीफा दे दिया था।

विप्लब देब ने इस अवसर पर कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा अच्छी जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि रविवार को जींद में एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित नेता भाजपा में शामिल हुए और यह संकेत है कि लोग राज्य में भाजपा की सरकार चाहते हैं।

भाषा ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments