रांची, 29 नवंबर (भाषा) झारखंड सरकार उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग से मंगलवार रात को बचाये गये 41 श्रमिकों में से अपने 15 लोगों को हवाई मार्ग से रांची लाने की तैयारी कर रही है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बुधवार को बताया कि झारखंड सरकार के अधिकारी उत्तराखंड में अपने समकक्षों के संपर्क में हैं और दिवाली पर सुरंग ढहने के तुरंत बाद राज्य की तीन सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी।
झारखंड के श्रम सचिव राजेश कुमार शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमारे श्रमिक आज (बुधवार) दोपहर करीब दो बजे स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचे। उत्तराखंड सरकार ने उन्हें चिकित्सा निगरानी में रखा है। जैसे ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलेगी हम उन्हें हवाई मार्ग से रांची लाएंगे।’’
उत्तरकाशी में सुरंग के ढह जाने से उसमें फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिन के अभियान के बाद मंगलवार को बाहर निकाल लिया गया।
शर्मा ने बताया कि श्रमिकों को बुधवार दोपहर एक हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
उत्तराखंड के अधिकारियों के हवाले से उन्होंने बताया कि श्रमिकों को अस्पताल में 24 घंटे के लिए निगरानी में रखा गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक बार सभी प्रक्रिया पूरी हो जाए, हम अपने श्रमिकों को देहरादून से नयी दिल्ली लाएंगे और यहां से वे लोग रांची के लिए उड़ान भरेंगे। ऐसा इसीलिए क्योंकि देहरादून और रांची के बीच कोई सीधी उड़ान नहीं है।’’
झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम के फंसे श्रमिकों को मंगलवार को बचा लिया गया।
भाषा
खारी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
