रांची, 25 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छठ पर्व के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए शनिवार को कहा कि यह ‘‘हमारे जीवन में शुद्धता, श्रद्धा, संयम, समर्पण, संकल्प, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता’’ का अद्भुत संदेश देता है।
यह पर्व शनिवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ शुरू हो गया।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘छठी मइया एवं भगवान भास्कर से यही प्रार्थना है कि सभी व्रतियों और परिजनों को उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दें। यह पर्व हमारे राज्य और देश में खुशहाली, सद्भाव और नयी ऊर्जा का संचार करे। जय छठी मइया!! जय भगवान भास्कर!!’’
इस बीच, रांची जिला प्रशासन और नगर निगम ने छठ पर्व के सुचारू संचालन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
रांची नगर निगम (आरएमसी) आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि 73 घाटों पर सफाई का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब अधिकारी रोशनी की व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘शहर भर में श्रद्धालुओं के लिए स्थायी घाटों के अलावा 50 अस्थायी घाट भी बनाए गए हैं। अतिक्रमणकारियों को हटाया जा चुका है और सीढ़ियों की रंगाई-पुताई का काम चल रहा है।’
एक नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि अकेले रांची शहर में 73 जलाशयों की सफाई की गई है।
भाषा प्रचेता सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
