scorecardresearch
शनिवार, 26 अप्रैल, 2025
होमदेशझारखंड बजट: पर्यटकों को लुभाने के लिए हेलीकॉप्टर शटल सेवा, ग्लास ब्रिज का प्रस्ताव

झारखंड बजट: पर्यटकों को लुभाने के लिए हेलीकॉप्टर शटल सेवा, ग्लास ब्रिज का प्रस्ताव

Text Size:

रांची, तीन मार्च (भाषा) झारखंड सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को हेलीकॉप्टर-शटल सेवा शुरू करने और कांच के पुलों (ग्लास ब्रिज) के निर्माण का प्रस्ताव रखा।

राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने राज्य विधानसभा में बजट पेश करते हुए यह घोषणा की।

मंत्री के अनुसार, सरकार ने रांची से देवघर, बासुकीनाथ, रजरप्पा, इटखोरी जैसे धार्मिक स्थलों और बेतला राष्ट्रीय उद्यान, पतरातू घाटी और साहिबगंज जैसे पर्यटन स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर शटल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है।

इसके अलावा, सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में दशम, हुंडरू, नेतरजात और पतरातू जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर ‘ग्लास ब्रिज’ बनाने की योजना बना रही है। बजट में जोन्हा, हुंडरू, कौलेश्वरी और त्रिकुट में रोपवे की योजना भी शामिल है।

किशोर ने कहा, ‘‘खूंटी जिले के पेप्रवाघाग फॉल और पांडुपुडिंग पर्यटन स्थल को इको-टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार राज्य में खनन पर्यटन को विकसित करने के लिए भी काम कर रही है।’’

सरकार ने बजट में पर्यटन विभाग के लिए 336.64 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है।

बीते 28 फरवरी को पेश आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, झारखंड में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के पर्यटकों की आमद बढ़ रही है।

सर्वेक्षण में कहा गया है, ‘‘2021 में लगभग 3.34 करोड़ घरेलू पर्यटकों ने राज्य का दौरा किया। 2022 में आमद बढ़कर लगभग 3.83 करोड़ हो गई। हालांकि, 2023 में राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई और लगभग दूसरे राज्यों से 3.58 करोड़ पर्यटक राज्य में आए।’’

भाषा हक हक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments