रांची, 12 नवंबर (भाषा) झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र पांच से 11 दिसंबर तक होगा। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि सत्र के दौरान पांच कार्यदिवस होंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में मंत्रिमंडल ने ‘क्लेरियस मांगुर’ को राजकीय मछली घोषित करने सहित 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘इसे राजकीय मछली घोषित करने के बाद इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
दादेल ने बताया कि सरकार ने प्रत्येक जिले में एक ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्टता विद्यालय’ में एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) प्रयोगशालाएं स्थापित करने का भी निर्णय लिया है। इनमें से प्रत्येक प्रयोगशाला पर 20 लाख रुपये की लागत आएगी।
कैबिनेट ने देवघर स्थित ‘होटल बैद्यनाथ बिहार’ के निर्माण, संचालन, रखरखाव और प्रबंधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसे सार्वजनिक-निजी साझेदारी (पीपीपी) मॉडल पर चार सितारा होटल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 113.97 करोड़ रुपये है।
तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन के लिए आदर्श नियमों की अधिसूचना को भी मंजूरी दी गई।
इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने ‘इंडिया रिजर्व बटालियन’ में उप-निरीक्षक (वायरलेस) और कांस्टेबल की भर्ती के नियमों में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी।
दादेल ने कहा, ‘‘मुख्य संशोधन शारीरिक परीक्षा के नियम में किया गया है। पहले पुरुषों के लिए दौड़ आठ किलोमीटर और महिलाओं के लिए चार किलोमीटर थी। अब पुरुषों को 1,600 मीटर दौड़ छह मिनट में और महिलाओं को 1,600 मीटर दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी।’’
भाषा खारी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
