कटरा/जम्मू, 14 जनवरी (भाषा) रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की ऐतिहासिक प्राकृतिक गुफा को मकर संक्रांति के मौके पर श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गुफा के दोबारा खुलने के मौके पर खास रीति-रिवाज, प्रार्थनाएं और वैदिक मंत्रों का जाप किया गया।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, ज्यादा तीर्थयात्रियों के आने की वजह से प्राकृतिक गुफा साल के ज्यादातर समय बंद रहती है। इसे आमतौर पर जनवरी और फरवरी में खोला जाता है, जब भीड़ कम होती है।
अधिकारियों ने कहा कि मकर संक्रांति पर गुफा को फिर से खोलने का समय महत्वपूर्ण है क्योंकि यह त्योहार नयी शुरुआत और आध्यात्मिक उन्नति का प्रतीक है।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में बोर्ड ने कहा कि पुनः उद्घाटन स्थलों की आध्यात्मिक धरोहर और परंपराओं को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने कहा कि भीड़ के प्रवाह को नियंत्रित करने और जाम रोकने के लिए उपाय लागू किए गए हैं। बुजुर्ग और दिव्यांग तीर्थयात्रियों की मदद के लिए विशेष प्रावधान भी लागू किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस साल तीर्थस्थल पर आने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। 2026 के पहले 13 दिनों में कुल 3,05,217 तीर्थयात्रियों ने तीर्थस्थल का दौरा किया, जबकि 2025 में इसी अवधि में यह संख्या 2,68,761 थी। अधिकारियों ने बताया कि औसतन हर दिन 20,000 से 25,000 तीर्थयात्री दर्शन कर रहे हैं।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
