scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशजम्मू कश्मीर सरकार राज्य दर्जा बहाली के संघर्ष में सक्रिय नजर नहीं आ रही: युवा कांग्रेस अध्यक्ष

जम्मू कश्मीर सरकार राज्य दर्जा बहाली के संघर्ष में सक्रिय नजर नहीं आ रही: युवा कांग्रेस अध्यक्ष

Text Size:

श्रीनगर, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यू. बी. चिब ने रविवार को कहा कि जम्मू कश्मीर की निर्वाचित सरकार केंद्र शासित प्रदेश में राज्य का दर्जा बहाली तथा भूमि एवं नौकरियों की सुरक्षा के मुद्दे पर संघर्ष में पर्याप्त रूप से सक्रिय नजर नहीं आ रही है।

चिब ने यहां संवाददाताओं से कहा, “विधानसभा चुनाव (2024) से पहले हमने जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए संघर्ष किया था। हमारी भूमि सुरक्षित रहनी चाहिए और सरकारी नौकरियां जम्मू कश्मीर के युवाओं के लिए आरक्षित होनी चाहिए। हमें लगता है कि इस लड़ाई में सरकार बहुत अधिक सक्रिय नजर नहीं आ रही है।”

युवा कांग्रेस नेता ने राज्य दर्जा की बहाली तथा नौकरियों और जमीन से जुड़े विशेष अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करने पर जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का आभार जताया।

चिब ने केंद्र शासित प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर हटाने की भी मांग की और कहा कि लोग ऊंचे बिजली बिल चुकाने की स्थिति में नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से हमारी अपील है कि स्मार्ट मीटर हटाए जाएं, क्योंकि चुनाव से पहले हमने लोगों से यही वादा किया था। जब जम्मू कश्मीर की स्थिति बेहतर हो जाए और लोग इसका खर्च वहन करने की स्थिति में हों, तब निश्चित रूप से मीटर लगाए जा सकते हैं। यह एक कल्याणकारी सरकार है और इसे लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।”

चिब ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों की समस्याओं को उठाते हुए राज्य दर्जा की बहाली के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा, “युवा कांग्रेस का मुख्य दायित्व युवाओं की आवाज उठाना है। जरूरत पड़ी तो हम इन मुद्दों पर केंद्र की भाजपा सरकार और जम्मू कश्मीर सरकार के खिलाफ भी खड़े होंगे।”

भाषा अमित रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments