पणजी, 19 जून (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद गौड़े को राज्य मंत्रिमंडल से हटाने का फैसला उनका है।
हालांकि, सावंत ने इस फैसले के कारण के बारे में नहीं बताया।
यहां ‘मंत्रालय’ (राज्य सरकार के सचिवालय) के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में सावंत ने फिलहाल मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना से इनकार किया।
गौड़े को बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था। गौड़े ने करीब एक महीने पहले आदिवासी कल्याण विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, जिसका प्रभार सावंत के पास है।
गौड़े को राज्य मंत्रिमंडल से हटाने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ यह मेरा फैसला था।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना है, उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक कुछ नहीं।’’
सावंत ने कहा कि जब भी मंत्रिमंडल में कोई बदलाव होगा तो वह मीडिया को इस बारे में सूचित करेंगे।
गौड़े ने 26 मई को एक राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के आदिवासी कल्याण विभाग को अक्षम करार दिया था और दावा किया कि इसके अधिकारी फाइलों पर हस्ताक्षर करने के लिए रिश्वत ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गौड़े के इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
गौड़े के दावों को आधार बनाकर कांग्रेस ने राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई से मांग की थी कि वह राज्य सरकार को ‘व्यापक भ्रष्टाचार’ के लिए बर्खास्त करें।
आदिवासी नेता गौड़े (53) उत्तरी गोवा के प्रियोल से भाजपा विधायक हैं। भाजपा के राज्य विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने मार्च 2022 में मंत्री पद की शपथ ली थी।
गौड़े 2019 से 2022 तक सावंत के नेतृत्व वाली सरकार में भी मंत्री रहे थे।
भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.