श्रीनगर, पांच नवंबर (भाषा) बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से क्षेत्र में हालात ‘‘सामान्य’’ बनाने के लिए अपने प्रयास तेज करने का बुधवार को आह्वान किया और इस बात पर जोर दिया कि पूर्ण राज्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित पूरे देश की साझा इच्छा है।
यहां एक समारोह से इतर पत्रकारों से बातचीत में खान ने कहा, ‘हम सभी को फिक्र है और हम सामान्य हालात चाहते हैं।’ उन्होंने पूर्ण राज्य के दर्जे की दिशा में आगे बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा, ‘यह सबकी इच्छा है, यह पूरे भारत की इच्छा है।’
वह जम्मू-कश्मीर में दोहरी सत्ता व्यवस्था के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सहित सभी लोग जम्मू कश्मीर में शांति चाहते हैं और राज्य का दर्जा बहाल होने की कामना करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस परिवर्तन के लिए आवश्यक माहौल तैयार करने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों पर है।
पाकिस्तान का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए खान ने कहा कि पड़ोसियों ने देश के इस हिस्से में नफरत फैलाई जिसे पूरी तरह से खत्म करने की जरूरत है।
बिहार में चुनाव के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
खान ने चुनावों को लोकतंत्र का उत्सव बताते हुए कहा कि किसी की पारिवारिक पृष्ठभूमि यह तय नहीं करती कि कौन शासन कर सकता है।
उन्होंने कहा, ‘सरकार चलाने वाला व्यक्ति मतपेटी के जरिये चुना जाता है। उन्हें भारत और राज्यों की जनता से एक निश्चित अवधि के लिए जनादेश मिलता है। वे संप्रभु नहीं हैं, इस देश की जनता संप्रभु है।’’
खान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उदाहरण देते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च पदों पर उनका आसीन होना एक मजबूत संदेश देता है: कोई भी व्यक्ति क्या हासिल कर सकता है, इसकी कोई सीमा नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे आम आदमी, खासकर युवाओं को क्या संदेश जाता है? यह दर्शाता है कि हमारे पास एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें आप कितनी भी ऊंचाई तक पहुंचने की आकांक्षा रख सकते हैं, इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है। हालांकि, आपको लोगों का विश्वास अर्जित करना होगा। उसके बाद, कोई सीमा नहीं है।’
भाषा आशीष वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
