scorecardresearch
Sunday, 6 October, 2024
होमदेशइसरो ने चंद्रयान-2 से ली गईं पृथ्वी की तस्वीरें साझा कीं

इसरो ने चंद्रयान-2 से ली गईं पृथ्वी की तस्वीरें साझा कीं

इसरो ने 17.29, 17.32, 17.34 और 17.37 यूटी पर ली गईं पृथ्वी की और तस्वीरें पोस्ट की है.

Text Size:

नई दिल्ली : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-2 में लगे एलआई4 कैमरे से ली गईं धरती की तस्वीरें रविवार को ट्विटर पर साझा कीं. अंतरिक्ष से ली गईं धरती की तस्वीरों के साथ कई ट्वीट्स करते हुए इसरो ने कहा, ‘चंद्रयान-2 विक्रमलैंडर द्वारा ली गईं धरती की तस्वीरों का पहला सेट. चंद्रयान-2 एलआई4 कैमरे ने 17.37 यूटी पर तीन अगस्त, 2019 को धरती को देखा.’

इसरो ने 17.29, 17.32, 17.34 और 17.37 यूटी पर ली गईं पृथ्वी की और तस्वीरें लगातार पोस्ट कीं.

एलआई4 कैमरे द्वारा देखी गई पृथ्वी की तस्वीर | इसरो

इसरो ने कहा कि शुक्रवार को अपराह्न 3.27 बजे चंद्रयान-2 को चौथी कक्षा में पहुंचाने की गतिविधि सफलतापूर्वक संपन्न हो गई. इसरो ने कहा कि चंद्रयान के सभी मानक सामान्य हैं.

चंद्रयान को पांचवीं कक्षा में पहुंचाने की गतिविधि छह अगस्त को अपराह्न् 2.30 बजे से 3.30 बजे के बीच प्रस्तावित है. उल्लेखनीय है कि चंद्रयान-2 को 22 जुलाई को 170 गुणा 45,475 किलोमीटर की एक अंडाकार कक्षा में भारत ने भारी रॉकेट जीएसएलवी-मार्क3 के जरिए प्रवेश कराया था.

आपको बता दें, 15 जुलाई को चद्रयान-2 का प्रक्षेपण किया जाना था, लेकिन लॉन्चिंग से करीब एक घंटा पहले इसमें तकनीकी खराबी का पता लगने के बाद लॉन्चिंग रोक दी गई थी. बाद में इसे 22 जुलाई को दोपहर 2 बजकर 43 मिनट पर लॉन्च किया गया.

चंद्रयान-2 का वजन 3,877 किलो है. यह चंद्रयान-1 मिशन के 1380 किलो से करीब तीन गुना ज्यादा है. लैंडर के अंदर मौजूद रोवर की रफ्तार 1 सेमी प्रति सेकंड है. श्रीहरिकोटा के सतीश धवन सेंटर से चंद्रयान-2 को भारत के सबसे ताकतवर जीएसएलवी मार्क-III रॉकेट से लॉन्च किया गया है. चंद्रयान -2 में ऑर्बिटर, लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) हैं.

(आईएएनएस इनपुट के साथ )

share & View comments