scorecardresearch
सोमवार, 28 अप्रैल, 2025
होमदेशइसरो अध्यक्ष सोमनाथ को ‘वर्ल्ड स्पेस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया

इसरो अध्यक्ष सोमनाथ को ‘वर्ल्ड स्पेस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया

Text Size:

बेंगलुरु, 14 अक्टूबर (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को कहा कि उसके अध्यक्ष एस सोमनाथ को चंद्रयान-तीन की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए इंटरनेशन एरोनॉटिकल फेडरेशन (आईएएफ) के प्रतिष्ठित ‘वर्ल्ड स्पेस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

इसरो का मुख्यालय यहां बेंगलुरु में है। इसरो ने एक ऑनलाइन पोस्ट में कहा, ‘‘यह सम्मान अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के योगदान को रेखांकित करता है। मिलान (इटली) में इसका जश्न मनाया जा रहा है क्योंकि हम नयी सीमाओं के लिए प्रयास करना जारी रख रहे हैं।’’

आईएएफ के अनुसार, इसरो का चंद्रयान-तीन मिशन वैज्ञानिक जिज्ञासा और लागत प्रभावी इंजीनियरिंग के तालमेल का उदाहरण है जो उत्कृष्टता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और अंतरिक्ष अन्वेषण से मानवता को मिलने वाली विशाल क्षमता का प्रतीक है।

आईएएफ ने एक बयान में कहा, ‘‘चंद्रमा की संरचना और भूविज्ञान के अज्ञात पहलुओं को तेजी से सामने लाते हुए यह मिशन नवाचार के प्रति वैश्विक प्रमाण का प्रतीक है। ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल करते हुए चंद्रयान-तीन चांद के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने वाला पहला यान है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकांक्षा और तकनीकी कौशल दोनों का प्रदर्शन करता है।’’

चंद्रयान-तीन को पिछले साल छह जुलाई को श्रीहरिकोटा प्रक्षेपण केंद्र से भेजा गया था और इसने 23 अगस्त को दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की थी।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments