गुवाहाटी, 23 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि अंतरराज्यीय सीमा विवाद के समाधान के तहत असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच पहला सीमा खंभा लगाया जाना एक ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह ‘वास्तव में महत्वपूर्ण’ है क्योंकि इससे दोनों राज्यों के बीच अंतरराज्यीय सीमाओं को लेकर दशकों से चली आ रही अनिश्चितता का अंत होगा।
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा पर पहला खंभा रविवार को सेइजोसा में लगाया गया।
शर्मा ने कहा, “एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। नामसाई घोषणापत्र पर हस्ताक्षर के बाद असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा पर पहला खंभा पक्के केसांग जिले में लगाया गया है।”
नामसाई घोषणापत्र पर शर्मा और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने 15 जुलाई, 2022 को हस्ताक्षर किए थे।
घोषणापत्र से असम और अरुणाचल प्रदेश दोनों द्वारा दावा किए गए 123 गांवों में मतभेदों को सुलझाने के उपायों की शुरुआत हुई।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अष्टलक्ष्मी क्षेत्र एक एकजुट इकाई के रूप में आगे बढ़ रहा है। अमित शाह (गृह मंत्री) के मार्गदर्शन में हम इन प्रयासों को जारी रखेंगे। इन प्रयासों में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पेमा खांडू का आभार।”
दोनों मुख्यमंत्रियों ने बाद में 20 अप्रैल, 2023 को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति में इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
