अहमदाबाद, एक फरवरी (भाषा) गुजरात में विपक्षी दलों ने केंद्रीय बजट 2026-27 की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि इसमें आम आदमी के लिए दूरदर्शिता का अभाव है और यह बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को दूर करने में विफल रहा है।
कांग्रेस ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की किसान विरोधी और गरीब विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने इसे पूरी तरह खोखला करार दिया।
कांग्रेस की गुजरात इकाई के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि बजट में किसानों, मजदूरों, युवाओं, छोटे व्यापारियों, मध्यम वर्ग और लघु एवं मध्यम उद्योगों को कोई ठोस राहत नहीं दी गई है।
उन्होंने एक बयान में कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने आम नागरिकों को बुरी तरह प्रभावित किया है, लेकिन बजट में राहत प्रदान करने या आजीविका को पुनर्जीवित करने के लिए कोई रूपरेखा प्रस्तुत नहीं की गयी है।
दोशी ने यह भी दावा किया कि विभिन्न योजनाओं के लिए आवंटित राशि, निधि में कितनी वृद्धि या कमी हुई है, और वास्तव में लाभार्थियों तक कितना पैसा पहुंचा है, इस बारे में बजट में कोई स्पष्टता नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आवास योजनाओं, स्टेडियमों और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बजट में इनका वास्तविक प्रभाव नजर नहीं आता।’’
दोशी ने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों के लिए विशेष योजनाओं में भी भारी कटौती की गई है, जिसका सामाजिक न्याय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए केंद्रीय बजट को पूरी तरह से खोखला करार दिया और कहा कि इसमें किसानों और मध्यम वर्ग दोनों के लिए कोई दूरदर्शिता नहीं है।
गढ़वी ने कहा कि मध्यम वर्ग पर उच्च करों और कई जीएसटी स्लैब का बोझ है, लेकिन बजट में स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कोई राहत नहीं दी गई है।
आप नेता ने कहा, ‘‘ आज चिकित्सा खर्च परिवारों की बचत को खत्म कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य देखभाल लागत के बोझ को कम करने के लिए कोई प्रावधान नहीं है। इसी तरह, शिक्षा के लिए भी कोई ठोस योजना नहीं है। ’’
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
