लखनऊ, 15 नवंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल को खरीदने की पहल इंडोनेशिया ने की है।
पश्चिम विधानसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल को इंडोनेशिया ने खरीदने की मांग की है।”
उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ के लिए यह गौरव की बात है कि ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण यहां की धरती पर हो रहा है।
रक्षा मंत्री सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में 18 अक्टूबर को राजधानी के सरोजिनी नगर स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई से तैयार की गई ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप को रवाना किया था।
विश्व की सर्वाधिक तेज और घातक सटीक प्रहार क्षमता वाली “ब्रह्मोस” सुपरसोनिक मिसाइल प्रणाली का निर्माण कर रही संस्था ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने लखनऊ की नयी ‘इंटीग्रेशन एंड टेस्ट’ सुविधा से मिसाइलों की पहली खेप सफलतापूर्वक तैयार कर ली है। यह अत्याधुनिक इकाई 11 मई 2025 को उद्घाटन के बाद पूरी तरह संचालन में आ गई थी।
लखनऊ के सरोजिनी नगर के भटगांव स्थित यह इकाई उत्तर प्रदेश रक्षा गलियारे की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है जहां मिसाइलों की ‘असेंबली, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग’ अत्यधिक तकनीकी मानकों के अनुरूप की जाती है।
इस इकाई की स्थापना में 300 करोड़ रुपये की लागत आई है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके लिए 80 हेक्टेयर भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई है।
एक बयान के अनुसार, कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि ईमानदारी से निरंतर काम करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, “मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी इच्छा मान-सम्मान और स्वाभिमान होता है। मनुष्य हर चीज से समझौता कर सकता है, लेकिन अपने स्वाभिमान से नहीं।”
सिंह ने कार्यकर्ताओं को मर्यादाओं का पालन करने की सीख देते हुए कहा, “भगवान राम ने भी मर्यादाओं का पालन किया, इसलिए उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है।”
कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष से लेकर युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष और दो बार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष रहा हूं। इसलिए पूरी निष्ठा से संगठन का काम करिए। आप में से कौन, कब किस पद पर पहुंचे, यह कोई नहीं जानता।”
रक्षा मंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “बिहार की जनता ने कमाल कर दिया। सारे रिकॉर्ड टूट गए और जाति–धर्म की राजनीति नहीं चली।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का मस्तक विश्व में ऊंचा किया है। पहले जब हम विदेश जाते थे तो लोग हमारी बातों को गंभीरता से नहीं लेते थे, लेकिन आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो दुनिया ध्यान से सुनती है कि भारत क्या कह रहा है। भारत की यह प्रतिष्ठा हमारे नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनी है।”
भाषा आनन्द खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
