दुबई, 23 अगस्त (भाषा) चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल ‘‘सॉफ्ट लैंडिंग’’ के बाद खाड़ी में रहने वाले भारतीय खुशी से उछल पड़े और सामूहिक रूप से गर्व की भावना व्यक्त की।
भारत ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और 26 किलोग्राम वजनी रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस लैंडर मॉड्यूल की ‘सॉफ्ट लैंडिग’ कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ।
खाड़ी में रहने वाले तमाम भारतीय चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह के करीब पहुंचने पर इस क्षण के गवाह बनने के लिए बेसब्री से इंतजार करते दिखे और टेलीविजन स्क्रीन से चिपके रहे।
जुबैल औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत आकिफ नईम ने कहा, ‘‘चंद्रमा पर निगाहें गड़ाए भारत ने चंद्रयान-3 मिशन की शुरुआत की, जिसने हमारी आकांक्षाओं को और ऊंचा किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है।’’
एयर इंडिया के पूर्व कर्मी मोहम्मद इकबाल आबिद ने कहा, ‘‘वैमानिकी प्रणाली किसी भी अंतरिक्ष अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।’’
भाषा शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.