scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशयुवाओं के घर से भागकर प्रेम विवाह करने से भारतीय संस्कृति को नुकसान : भाजपा विधायक

युवाओं के घर से भागकर प्रेम विवाह करने से भारतीय संस्कृति को नुकसान : भाजपा विधायक

Text Size:

जयपुर, 23 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने युवाओं के घर से भागकर प्रेम विवाह करने का मुद्दा राज्य विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय संस्कृति को भी ठेस पहुंच रही है।

आहोर से भाजपा विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने सदन में शून्य काल के दौरान यह मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा, ”आज माता-पिता के लिए एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई। युवक-युवतियां घर से भागकर शादी कर रहे हैं या ‘लिव इन रिलेशनशिप’ में रह रहे हैं। इससे कहीं न कहीं हमारे सामाजिक ताने बाने के साथ-साथ में भारतीय संस्कृति को भी ठेस पहुंच रही है।”

उन्होंने कहा कि एक उम्र तक युवाओं के घर से भागकर प्रेम विवाह करने के मामले में अभिभावकों की सहमति भी जरूर हो।

विधायक ने कहा कि युवाओं में इस तरह की प्रवृत्ति बढ़ रही है और अनेक युवा स्कूल या कॉलेज छोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘ऐसी घटनाओं के डर से माता-पिता भी कभी-कभी बच्चों की पढ़ाई छुड़वा देते हैं।’

भाजपा नेता ने कहा कि पिछले वर्षों में कई मामलों में जब लड़की घर से चली गई तो माता-पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने कहा, “पुलिस थाने में ऐसी लड़कियां कभी-कभी अपने माता-पिता को पहचानने से इनकार कर देती हैं।’

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments