(तस्वीरों के साथ)
गोपालगंज/सीवान (बिहार), 29 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश अब सच्चाई समझेगा तथा प्रधानमंत्री को अपने ‘मन की बात’ सुनाएगा।
उन्होंने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान सीवान में एक सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि ‘वोट चोरी’ पकड़े जाने के कारण भाजपा के नेता ‘उछल’ रहे हैं। उनका इशारा बिहार प्रदेश कमेटी के मुख्यालय ‘सदाकत आश्रम’ के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प तथा कुछ वरिष्ठ भाजपा नेताओं के बयानों की ओर था।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी ‘वोट चोरी’ करके चुनाव जीतते हैं, लेकिन इन्हें पता लग गया है कि बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वोट गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को अधिकार देता है, जिससे छीनने का प्रयास हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वोट चोरी बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान पर आक्रमण है।
उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी सुन लीजिए, हम संविधान पर आक्रमण नहीं होने देंगे।’’
राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘आने वाले समय में महाराष्ट्र, हरियाणा और दूसरे राज्यों में भाजपा और नरेन्द्र मोदी की ‘वोट चोरी’ दिखाने जा रहे हैं, इसलिए भाजपा के नेता उछल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब हिंदुस्तान इनकी सच्चाई को समझेगा, सुनेगा और फिर अपने मन की बात नरेन्द्र मोदी को बताएगा।’’
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग संविधान को खत्म करना और लोकतंत्र की जगह ‘राजतंत्र’ लाना चाहते हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा ‘बड़का डरपोक’ लोगों की पार्टी है और ये लोग दुष्प्रचार फैला रहे हैं, लेकिन कोई बिहारी इनके दुष्प्रचार में फंसने वाले नहीं हैं।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झूठ के ‘मैन्युफैक्चरर’ (निर्माता), ‘होलसेलर’ (थोक विक्रेता) और ‘डिस्ट्रीब्यूटर’ (वितरक) हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ‘नकलची सरकार’ है।
यादव ने जनता का आह्वान किया कि वे भाजपा के ‘हिंदू-मुस्लिम’ वाले एजेंडे में नहीं पड़ें।
‘वोटर अधिकार यात्रा’ का शुक्रवार को 13वां दिन था। 13वें दिन की यात्रा शुक्रवार सुबह बेतिया (पश्चिम चंपारण) से शुरू हुई और दोपहर के समय गोपालगंज में दाखिल हुई। इसके बाद यह शाम के समय सीवान पहुंची।
यात्रा में शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की नेता एनी राजा शामिल हुईं। एनी राजा पिछले साल लोकसभा चुनाव में केरल के वायनाड से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ी थीं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
यात्रा पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से जुड़ा मामले की छाया रही।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पटना में विरोध प्रदर्शन किया और राहुल गांधी से माफी की मांग की, तो कांग्रेस ने दावा किया कि यात्रा को मिले अपार जनसमर्थन से घबराकर सत्तारूढ़ दल हिंसा का सहारा लेने और झूठ फैलाने में जुट गया है।
दरअसल, एक कथित वीडियो में दरभंगा शहर में यात्रा के दौरान मंच से एक व्यक्ति मोदी के खिलाफ हिंदी में अपशब्द कहते हुए दिखाई दे रहा है, जहां से राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका वाद्रा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव बुधवार को मोटरसाइकिल से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे।
आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवी उर्फ रजा (20) के रूप में हुई है, जिसे दरभंगा शहर के सिंहवाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया गया।
सासाराम से 17 अगस्त को शुरू हुई 16-दिवसीय यात्रा एक सितंबर को पटना में ‘‘विशाल पैदल मार्च’’ के साथ समाप्त होगी। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
यह यात्रा अब तक रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज और सीवान से होकर गुजर चुकी है। अब यह यात्रा सारण, भोजपुर, पटना गुजरेगी।
भाषा हक हक धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.