scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेश‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ है भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, विपक्ष की बोलती बंद: हर्षवर्धन श्रृंगला

‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ है भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, विपक्ष की बोलती बंद: हर्षवर्धन श्रृंगला

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) भाजपा सांसद और अमेरिका में भारत के राजदूत रह चुके हर्षवर्धन श्रृंगला ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को ‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ करार दिया तथा इस पर सवाल उठाने वाले विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी ‘‘बोलती बंद हो गई है’’।

भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय सामान पर शुल्क (टैरिफ) को घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा, जो चीन, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों के मुकाबले कम है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद व्यापार समझौते के संबंध में घोषणा की।

वर्ष 2019 से 2020 तक अमेरिका में भारत के राजदूत रहे श्रृंगला ने इसे एक ‘‘ऐतिहासिक समझौता’’ बताया।

राज्यसभा सदस्य ने संसद परिसर में पीटीआई से कहा, ‘‘हमें समझौते की मोटी-मोटी बातें पता हैं… और विवरण अधिकारी तय करेंगे।’’

कांग्रेस के इस आरोप का जवाब देते हुए कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के किसानों की कीमत पर ट्रंप को खुश करने के लिए ‘‘पूरी तरह समर्पण’’ कर दिया है, श्रृंगला ने पूछा कि क्या वे इस बात से नाखुश हैं कि भारतीय निर्यातकों को फायदा होगा या फिर ‘मेक इन इंडिया’ की संभावित सफलता से अप्रसन्न हैं।

उन्होंने पीटीआई-वीडियो से कहा, ‘‘यह जानना ज़रूरी है, और विपक्ष को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि जो आंकड़ा दिया जा रहा है, वह 18 प्रतिशत है।’’

श्रृंगला ने रेखांकित किया कि अमेरिका को निर्यात के लिए पहुंच का दायरा तय करने वाला यह आंकड़ा भारत के किसी भी दूसरे प्रतिस्पर्धी देश के आंकड़ों से कम है — चीन, वियतनाम, इंडोनेशिया, पाकिस्तान या बांग्लादेश से कम।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे निर्यातकों के लिए बहुत बड़ा फायदा है। हम अमेरिका को होने वाले निर्यात में बढ़ोतरी देखने वाले हैं। इसी बात पर विपक्ष को खुश होना चाहिए।’’

सोमवार देर रात व्यापार समझौते की घोषणा के तुरंत बाद, कांग्रेस ने सोमवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘‘आखिरकार हार मान ली है’’ और यह ‘‘फादर ऑफ ऑल डील्स’’ नहीं हो सकता।

श्रृंगला ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए पूछा, ‘‘क्या आप इस बात से नाखुश हैं कि आपके निर्यातकों को फायदा हो रहा है? क्या आप इस बात से नाखुश हैं कि आपका ‘मेक इन इंडिया’ सफल होने वाला है? क्या आप इस बात से नाखुश हैं कि आपके किसानों और मजदूरों को ज़्यादा मौके मिलने वाले हैं?’’

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘विपक्ष की बोलती बंद हो गई है, और अब उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा है।’’

उन्होंने कहा कि यह एक ‘‘ऐतिहासिक समझौता’’ है, और अगर भारत-यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को ‘‘मदर ऑफ ऑल डील्स’’ कहा गया, तो यह ‘‘फादर ऑफ ऑल डील्स’’ है।

यह उल्लेख करते हुए कि भारत के निर्यात का एक बहुत बड़ा हिस्सा यूरोपीय संघ और अमेरिका को जाएगा, श्रृंगला ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम बहुत अच्छी स्थिति में हैं।’’

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments