scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशभारत-मालदीव राजनयिक विवाद: मालदीव के राजदूत तलब

भारत-मालदीव राजनयिक विवाद: मालदीव के राजदूत तलब

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ जनवरी (भाषा) भारत में मालदीव के राजदूत को सोमवार को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और मालदीव के तीन मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई टिप्पणियों पर कड़ी चिंता व्यक्त की गई। हालांकि मोदी के बारे में टिप्पणी करने वाले तीन मंत्रियों को अब निलंबित कर दिया गया है।

माले में मालदीव की सरकार ने भारतीय उच्चायुक्त मुनु मुहावर को सूचित किया कि मोदी के खिलाफ टिप्पणी सरकार के रुख को प्रदर्शित नहीं करती।

मालदीव के तीन उप मंत्रियों – मालशा शरीफ, मरियम शिउना और अब्दुल्ला महज़ूम माजिद को राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू वाली मालदीव की सरकार ने रविवार को उनके पदों से निलंबित कर दिया।

मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू चीन की एक सप्ताह की यात्रा पर हैं।

हालांकि मालदीव की मीडिया ने बताया कि मुहावर को विदेश मंत्रालय में बुलाया गया था, लेकिन भारतीय उच्चायोग ने कहा कि मुहावर की मालदीव के विदेश मंत्रालय में राजदूत (विशेष मामले) डॉ. अली नसीर मोहम्मद के साथ ‘पूर्व-निर्धारित’ बैठक थी।

मालदीव में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘उच्चायुक्त मुनु मुहावर ने द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए आज मालदीव के विदेश मंत्रालय में राजदूत (विशेष मामले) डॉ. अली नसीर मोहम्मद के साथ पूर्व-निर्धारित बैठक की।’’

नयी दिल्ली में, सूत्रों ने कहा कि मालदीव के दूत इब्राहिम शाहीब को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और उन्हें मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी कड़ी चिंताओं से अवगत कराया गया।

विवाद बढ़ने पर, भारत के प्रमुख यात्रा मंच ‘ईजमाईट्रिप’ ने कहा कि उसने मालदीव के लिए बुकिंग निलंबित कर दी है।

तीनों उप मंत्रियों ने लक्षद्वीप की यात्रा के बाद ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के पोस्ट के लिए उनकी आलोचना की थी और कहा था कि यह केंद्र शासित प्रदेश को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने का एक प्रयास है।

मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों की भारत में आलोचना हुई है। कई मशहूर हस्तियों ने ‘एक्स’ पर लोगों से मालदीव जाने के बजाय घरेलू पर्यटन स्थलों पर जाने का आग्रह किया है।

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, सलमान खान और अक्षय कुमार और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर सहित कई प्रमुख हस्तियों ने रविवार को लोगों से ‘भारतीय द्वीपों’ और तटीय स्थलों का पता लगाने की अपील की।

सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट भी किए गए जिनमें दावा किया गया कि विवाद के मद्देनजर कुछ भारतीय मालदीव की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर रहे हैं।

मालदीव के विदेश मंत्रालय ने कहा कि सरकार विदेशी नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर ‘‘अपमानजनक टिप्पणियों’’ से अवगत है और इन नेताओं के व्यक्तिगत विचार देश के रुख का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।

मालदीव के विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘‘मालदीव सरकार विदेशी नेताओं और उच्च पदस्थ व्यक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर अपमानजनक टिप्पणियों से अवगत है। यह राय (नेताओं की) व्यक्तिगत है और मालदीव सरकार उनके विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती।’’

मालदीव के पूर्व उपराष्ट्रपति अहमद अदीब ने कहा कि राष्ट्रपति मुइज्जू को प्रधानमंत्री मोदी से संपर्क करना चाहिए और राजनयिक संकट को सुलझाना चाहिए।

उन्होंने भारतीय नेता मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों को ‘अस्वीकार्य’ बताया। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि यह कुछ ऐसा है जो कभी नहीं होना चाहिए था, जो किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है। मेरा मानना ​​है कि मालदीव सरकार को कड़ी कार्रवाई के साथ और अधिक तेजी से प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी और भारत से सम्पर्क करना चाहिए था ताकि यह मामला कभी भी एक बड़े राजनयिक संकट का रूप ना ले।’’

मालदीव के अन्य प्रमुख नेताओं ने भी इस विवाद पर मुइज्जू सरकार की आलोचना की। मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने सोशल मीडिया पर मालदीव सरकार के अधिकारियों द्वारा भारत के खिलाफ ‘घृणित भाषा’ के इस्तेमाल की निंदा की।

उन्होंने कहा, ‘भारत हमेशा मालदीव का अच्छा दोस्त रहा है और हमें इस तरह की कठोर टिप्पणियों को हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती पर नकारात्मक प्रभाव नहीं डालने देना चाहिए।’

भाषा अमित माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments