scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशभारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता व्यापार-निवेश के नए रास्ते खोलेगा: मोदी और यूनानी समकक्ष

भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता व्यापार-निवेश के नए रास्ते खोलेगा: मोदी और यूनानी समकक्ष

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके यूनानी समकक्ष क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने बृहस्पतिवार को इस बात पर सहमति जताई कि हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए रास्ते खोलेगा।

दोनों नेताओं ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान एक बैठक की, जिसमें उन्होंने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की और पाया कि यह साझेदारी विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गति से बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक हितों के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने के अलावा, रुचि के नए क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए आगे के रास्तों पर भी चर्चा की।

दोनों नेताओं ने हाल ही में शुरू की गई कनेक्टिविटी पहलों और भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) के तहत उन्हें और आगे बढ़ाने की संभावनाओं की सराहना की।

बयान में कहा गया है, ‘दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि हाल ही में हुए उच्च स्तरीय दौरों के आदान-प्रदान ने रणनीतिक साझेदारी को नई गति दी है और हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए रास्ते खोलेगा।’

यूनान के प्रधानमंत्री ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने के लिए भारत में थे।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments