नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकारों ने पिछले कुछ दिन में राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता में अहम सुधार के कारण ‘क्रमिक प्रतिक्रिया कार्रवाई योजना’ (ग्रैप) के दूसरे चरण के तहत लागू पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पहले चरण के तहत निर्धारित सभी कार्रवाई जारी रहेंगी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सभी संबंधित एजेंसियां गंभीरता से उन्हें लागू करेंगी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के शाम चार बजे जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में हवा का स्तर पिछले कुछ दिन में सुधरा है और एक्यूआई 26 फरवरी को 291 के स्तर से एक मार्च को 178 पर आ गया है।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने कहा कि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक्यूआई में सुधार की इस प्रवृत्ति के मद्देनजर ग्रैप की उपसमिति ने दूसरे चरण के तहत लागू कार्रवाइयों को वापस लेने का फैसला किया है।
सीपीसीबी के बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में रात आठ बजे एक्यूआई 175 था।
भाषा वैभव माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
