scorecardresearch
मंगलवार, 17 जून, 2025
होमदेशआईआईटी कानपुर को यमुना की सफाई के लिए एआई तकनीक विकसित करने का काम सौंपा गया: प्रधान

आईआईटी कानपुर को यमुना की सफाई के लिए एआई तकनीक विकसित करने का काम सौंपा गया: प्रधान

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने आईआईटी-कानपुर को यमुना की सफाई करने और अन्य शहरी चुनौतियों को दूर करने के लिए एआई तकनीक तैयार करने का काम सौंपा है।

‘दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इनीशिएटिव’ (डीईवीआई) के तहत 400 नई इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन करने वाले प्रधान ने कहा कि दिल्ली पहला शहर होगा जो कचरा प्रबंधन सहित शहरी चुनौतियों का समाधान करने के लिए भारत और विदेशों में विकसित की जा रही ‘अत्याधुनिक तकनीकों’ से लाभान्वित होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘न केवल आईआईटी-कानपुर द्वारा विकसित तकनीक बल्कि दुनिया भर से आने वाले नवीनतम नवाचारों का भी हम सबसे पहले दिल्ली में उपयोग करेंगे।’’

प्रधान ने कहा, ‘‘यमुना की सफाई हमारी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी दोनों है। आईआईटी कानपुर यमुना की सफाई और वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एआई-संचालित समाधानों पर काम कर रहा है।’’

प्रधान ने कार्यक्रम में शामिल दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो महीने में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। पिछली सरकार ने केवल झूठे वादे किए थे। आज, वास्तविक परिवर्तन दिखाई दे रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई चाहता है कि उसके बच्चे शीर्ष निजी स्कूलों में पढ़ें, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम सरकारी स्कूलों को महत्व नहीं देते। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाया जाएगा।’’

मंत्री ने दिल्ली सरकार द्वारा लाए गए नए निजी स्कूल शुल्क विनियमन विधेयक की सराहना की और इसे मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए ‘ऐतिहासिक कदम’ बताया।

फरवरी में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी दो दशक से अधिक समय के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में लौटी। उसने चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतीं।

वहीं एक दशक से अधिक समय से सत्ता में रही आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments