scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशमिजोरम में कांग्रेस सत्ता में लौटती है तो 'बुनियादी बदलाव' आएगा: चुआउंगो

मिजोरम में कांग्रेस सत्ता में लौटती है तो ‘बुनियादी बदलाव’ आएगा: चुआउंगो

Text Size:

आइजोल, 30 मार्च (भाषा) कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को दावा किया कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो वह मिजोरम के शासन मॉडल में ‘पूर्ण परिवर्तन’ लाएगी।

राज्य कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मिजोरम के पूर्व मुख्य सचिव लालनुमाविया चुआउंगो ने कहा कि पार्टी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा और प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी, जो परिवर्तन की कुंजी होगी।

उन्होंने पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘अगर कांग्रेस सत्ता में लौटती है, तो हम शासन प्रणाली को बदलेंगे और सत्ता का दुरुपयोग व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं करेंगे। हमारे पार्टी अध्यक्ष एक ईमानदार व्यक्ति हैं और व्यक्तिगत लाभ चाहने वाले नहीं हैं।’

उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र, विशेष रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने को प्राथमिकता देगी।

उन्होंने कहा, “हम प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसमें बीमारियों के गंभीर होने से पहले ही उपचार पर जोर दिया जाता है। अगर कांग्रेस सत्ता में वापस आती है, तो हम शीघ्र निदान और समय पर उपचार पर बल देंगे। हम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशालाओं से भी उन्नत करेंगे।”

चुआउंगो ने यह भी कहा कि पार्टी उच्च शिक्षा के लिए मजबूत आधार बनाने हेतु प्राथमिक शिक्षा में सुधार पर विशेष जोर देगी।

उन्होंने पूर्व मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) सरकार और वर्तमान ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) प्रशासन दोनों पर शिक्षा क्षेत्र का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उपयोग करने का आरोप लगाया।

चुआउंगो ने कहा कि प्रशासन को व्यावसायिक उद्यम की तरह कार्य करने के बजाय विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “सरकार कोई व्यापारी नहीं है और उसे व्यवसाय नहीं चलाना चाहिए। वर्तमान में सरकार द्वारा संचालित कई गतिविधियों को निजी क्षेत्र बेहतर ढंग से संभाल सकता है। इससे निजी क्षेत्र में रोजगार सृजित होगा और शासन व्यवस्था अधिक सुचारु होगी, जिससे अंततः राज्य के लोगों को लाभ मिलेगा।”

एमएनएफ पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि लोग उसके शासन से असंतुष्ट हो गए हैं। उन्होंने जेडपीएम पर आरोप लगाया कि उसने पिछली सरकारों को विफल बताकर और बड़े-बड़े वादे कर सत्ता हासिल की।

उन्होंने कहा, ‘‘जेडपीएम ने दावा किया था कि वह शोध आधारित दृष्टिकोण अपनाएगी, लेकिन वह मनमाने ढंग से काम कर रही है और राज्य को गलत दिशा में ले जा रही है। अब लोग 2028 के चुनावों से पहले कांग्रेस की ओर देख रहे हैं, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि उसने बेहतर शासन दिया था।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जेडपीएम सरकार ने पहले आइजोल नगर निगम (एएमसी) पर पकड़ मजबूत करने के लिए चुनाव टाल दिया था।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments