scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशमैं अपना कद जानता हूं : स्टालिन

मैं अपना कद जानता हूं : स्टालिन

Text Size:

चेन्नई, 24 फरवरी (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य की राजनीति में अपनी भूमिका के महत्व पर बात करते हुए कहा कि उन्हें अपना ‘‘कद’’ पता है।

‘सीएनएन न्यूज 18’ के टाउन हॉल कार्यक्रम में यह सवाल पूछे जाने पर कि क्या अवसर मिलने पर वह ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने जैसी राष्ट्रीय भूमिका निभाएंगे, इस पर स्टालिन ने कहा, ‘‘जैसा कि कलैग्नार (उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एम. करुणानिधि) कहते थे, ‘मैं अपना कद जानता हूं।’ मैं उसी दायरे में रहूंगा।’’

करुणानिधि ने 1997 में प्रधानमंत्री बनने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था और कहा था, ‘‘मैं अपना कद जानता हूं।’’ तब उन्होंने संकेत दिया था कि वह अपने कद के अनुरूप राज्य की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

इससे पहले, 23 फरवरी को ‘टाउन हॉल’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि स्टालिन विपक्षी दलों का नेतृत्व कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जहां भाजपा निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, वहीं हमारे द्रविड़ मॉडल ने तमिलनाडु में समावेशी विकास और रिकॉर्ड प्रगति हासिल की है।’’

उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय, राज्य की स्वायत्तता, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खड़े एक प्रदेश और धमकी, छापेमारी के माध्यम से दलबदल के लिए मजबूर करने और संस्थानों के दुरुपयोग पर आश्रित रहने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच सीधा मुकाबला होगा।

स्टालिन ने कहा, ‘‘तमिलनाडु ने पहले भी ऐसी ताकतों को हराया है, और वह फिर से ऐसा करेगा।’’

भाषा गोला वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments