पटना, 21 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य में विकास कार्यों के बारे में भाजपा नेता क्या कहते हैं, इस पर वह ध्यान नहीं देते।
यहां गंगा नदी किनारे बनाए गए जे पी गंगा पथ पर दीघा से गांधी मैदान तक के क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर प्रस्तावित परियोजना का स्थल निरीक्षण करने के बाद कुमार से पत्रकारों ने जब यह पूछा कि भाजपा बोल रही है कि काम नहीं हो रहा है, तब मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसका जवाब तो आपलोगों को देना चाहिए। आपलोग खुद देखिए कि यहां कितनी तेजी से काम हो रहा है। हम उनलोगों का कोई बयान नहीं देखते-सुनते हैं। जब भाजपावाले हमारे साथ थे तो कभी कोई कुछ नहीं बोलता था। अब जब काम तेजी से हम करवा रहे हैं तो कुछ-कुछ बयान आने लगता है। उनलोगों के बोलने का कोई मतलब नहीं है।’’
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जेपी गंगा पथ परियोजना के शेष कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा।
इस परियोजना की योजना पूर्वी और पश्चिमी पटना के बीच कनेक्टिविटी को आसान बनाने और अशोक राजपथ पर यातायात की भीड़ को कम करने के लिए बनाई गई है।जे पी गंगा पथ का पहला चरण इस साल 24 जून को जनता के लिए खोल दिया गया था।इस परियोजना का भूमि पूजन समारोह 11 अक्टूबर, 2013 को आयोजित किया गया था।
भाषा अनवर राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.