scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशमुझे इरफान खान यह कहते सुनाई देते हैं कि के.आसिफ की बायोपिक फिल्म बनाओ: तिग्मांशु धूलिया

मुझे इरफान खान यह कहते सुनाई देते हैं कि के.आसिफ की बायोपिक फिल्म बनाओ: तिग्मांशु धूलिया

Text Size:

मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) निर्देशक तिग्मांशु धूलिया का कहना है कि उन्होंने ‘‘मुगल-ए-आजम’’ के निर्देशक के. आसिफ पर एक बायोपिक बनाने का विचार दिवंगत इरफान खान के साथ मिलकर किया था। उन्होंने कहा कि भले ही अभिनेता इरफान अब दुनिया में नहीं हैं, लेकिन वह इस सपने को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

इरफान के निधन की छठी बरसी पर तिग्मांशु ने बुधवार को अपने साझा सपने को याद करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लगता है जैसे अभिनेता उन्हें इस परियोजना को पूरा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

एक दुर्लभ ‘न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर’ से जूझने के बाद 29 अप्रैल 2020 को इरफान का निधन हो गया और उस समय वह 54 वर्ष के थे।

धूलिया ने ‘‘पान सिंह तोमर’’ पर बने वृत्तचित्र ‘‘ए स्टोरी दैट रिफ्यूज्ड टू डाई’’ की विशेष स्क्रीनिंग में कहा, ‘‘जिस फिल्म पर मैं लंबे समय से काम कर रहा हूं और जिसकी शुरुआत इरफान से मेरी बातचीत से हुई थी, वह फिल्म ‘मुगल-ए-आजम’ के निर्देशक के. आसिफ पर आधारित एक बायोपिक है। इमरान से मेरी बातचीत में तय हुआ था कि हम एक दिन इस फिल्म पर काम करेंगे एवं इसे बनाएंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इरफान के साथ यह फिल्म करना चाहता था और मुझे पता है कि इरफान मुझे रोक नहीं रहे हैं, बल्कि कह रहे हैं, ‘यह फिल्म बनाओ’।’’

पान सिंह तोमर 2012 में बनी थी, जो धावक तोमर के जीवन पर आधारित फिल्म है।

तोमर ने सेना में भर्ती होने से पहले तोक्यो में 1958 के एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। घर में भूमि विवाद के कारण उन्हें एक खूंखार डाकू बनने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

‘‘पान सिंह तोमर’’ धूलिया और इरफान, दोनों के करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। फिल्म निर्माता ने बताया कि 1980 के दशक में दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में उनकी मुलाकात इरफान से हुई थी और दोनों दोस्त बन गए थे।

धूलिया ने 2003 में अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘‘हासिल’’ में इस अभिनेता को निर्देशित किया और बाद में ‘‘चरस’’ (2004), ‘‘पान सिंह तोमर’’ (2012) और ‘‘साहब, बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स’’ (2013) पर काम किया।

भाषा यासिर संतोष

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments