बेंगलुरु, दो मार्च (भाषा) बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक किराए के मकान में पत्नी से झगड़े के बाद कथित तौर पर उसकी हत्या करने के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दीपंथा सबारा (31) और उसकी पत्नी मंजुला सबारा (27) ओडिशा के रहने वाले थे। दंपति बोम्मासंद्रा की एक निजी कंपनी में काम करते थे।
उन्होंने बताया कि अनेकल तालुक में घटी यह घटना 26 फरवरी को सामने आई, और शव सड़ी-गली अवस्था में पाए गए, जिससे संकेत मिलता है कि मौत पहले ही हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मकान मालिक शिवकुमार ने 20 दिन पहले यह मकान दंपति को किराए पर दिया था। बृहस्पतिवार रात को शिवकुमार की मां उन्हें देखने गई तो उन्हें सोफे पर एक महिला का शव मिला। शिवकुमार ने तुरंत सूर्य नगर पुलिस को सूचना दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि घरेलू मुद्दों को लेकर दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर पत्नी को पीटा और घूंसे मारे, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने भी घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारियों ने बताया कि सूर्य नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा तान्या नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
