(तस्वीर के साथ)
चेन्नई, 23 सितंबर (भाषा) पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया गया ‘सीजिंग’ राजा के नाम से मशहूर घोषित अपराधी सोमवार को भागने की कोशिश के दौरान यहां पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जब राजा को छिपाकर रखे गए हथियारों की बरामदगी के लिए शहर के बाहरी इलाके में एक स्थान पर ले जाया गया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस दल पर गोली चला दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी ने आत्मरक्षा में उस पर गोली चलाई जिससे उसकी मौत हो गई।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने कहा कि मुठभेड़ खराब पुलिस व्यवस्था का परिचायक हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई साल पहले कर्ज वसूली एजेंट के रूप में काम कर रहा एन. राजा (51) कर्ज न चुकाने वाले लोगों के वाहन ‘‘जब्त’’ (सीज) करता था और इसलिए वह ‘सीजिंग’ राजा के नाम से पहचाने जाने लगा और बाद में अपराधों में अपनी ‘‘संलिप्तता’’ के लिए कुख्यात हो गया।
उन्होंने बताया, ‘‘वह पहले जिन दो स्थानों पर पुलिस को लेकर गया, वहां कोई हथियार नहीं थे और तीसरे स्थान पर एक देसी पिस्तौल थी। इसे सौंपने की आड़ में उसने एक इंस्पेक्टर पर दो बार गोली चलायी और सौभाग्य से गोली इंस्पेक्टर को नहीं लगी बल्कि गाड़ी को लगी।’’
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य इंस्पेक्टर ने आत्म-रक्षा में आरोपी पर गोली चलायी।
पुलिस अधिकारी ने यहां पत्रकारों को बताया कि गोली लगने के कारण राजा अचेत हो गया और उसे एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजा के खिलाफ कुल 39 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं जिनमें से छह हत्या के मामले हैं। वह गुंडा कानून के तहत आठ बार जेल जा चुका था। उसके खिलाफ 10 से अधिक वारंट लंबित थे और वह एक घोषित अपराधी था।
उसे पकड़ने के लिए विशेष पुलिस दल गठित किए गए थे और एक खुफिया सूचना के आधार पर आंध्र प्रदेश के कडपा में उसके ठिकाने से उसे 22 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसे विशेष दलों ने 23 सितंबर की सुबह वेलाचेरी पुलिस इंस्पेक्टर को सौंपा था और उसे हथियारों की बरामदगी के लिए अक्काराई (ईस्ट कोस्ट रोड) ले जाया गया।
आरोपी का शव पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट रोयापेट्टा हॉस्पिटल ले जाया गया।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुठभेड़ में मार गिराना खराब और अक्षम पुलिस व्यवस्था को दर्शाती है। यह कानून हाथ में लेना है और कानून की व्यवस्था में इसका कोई स्थान नहीं है।’’
राजा की पत्नी की पुलिस हिरासत में अपने पति की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए एक कथित वीडियो क्लिप रविवार को सोशल मीडिया पर साझा की गयी थी।
राजनीतिक टिप्पणीकार सुमंत रमन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पुलिस मुठभेड़ आपराधिक न्याय प्रणाली की नाकामी दिखाते हैं।’’
चेन्नई में इस साल जुलाई से लेकर अब तक मुठभेड़ में किसी के मारे जाने की यह तीसरी घटना है।
भाषा
गोला माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.