जम्मू, 12 मार्च (भाषा) हिंदू कार्यकर्ताओं के एक समूह ने रविवार को जम्मू के बेली चरण चौक के पास एक व्यस्त सड़क पर भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और इसे तत्काल एक मंदिर में स्थानांतरित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी हाल ही में स्थापित प्रतिमा के सामने एकत्र हुए और कथित रूप से उनकी भावनाओं को आहत करने के लिए प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
विरोध कर रहे राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा कि प्रतिमा स्थापित करने के लिए आदर्श स्थान एक मंदिर है, न कि व्यस्त सड़क के बीच में।
एक गुस्साए प्रदर्शनकारी ने प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा, “हम यहां इतने व्यस्त रास्ते पर भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करने का विरोध करने के लिए हैं। इस कार्रवाई से हमारी भावनाएं आहत हुई हैं क्योंकि यह प्रतिमा के लिए उचित स्थान नहीं है।”
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिमा की स्थापना के साथ कर्मकांड जुड़े होते हैं। लेकिन, संबंधित सरकारी एजेंसी ने प्रतिमा को शोपीस की तरह रख दिया, जो स्वीकार्य नहीं है।
बजरंगी ने प्रतिमा को तुरंत मंदिर में स्थानांतरित करने की मांग करते हुए कहा, “आने-जाने वाले वाहनों से प्रतिमा पर धूल जम जाएगी और इस बात की भी संभावना है कि कोई बदमाश इसे अपवित्र कर सकता है।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
