गुवाहाटी, 19 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र शुक्रवार को दाखिल करेंगे।
हिमंत कामरूप जिला निर्वाचन कार्यालय में जलुकबारी सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
उन्होंने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘कल, जलुकबारी की जनता के आशीर्वाद से मैं उस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए सातवीं बार अपना नामांकन दाखिल करूंगा। इसने मुझे सब कुछ दिया है। कृपया कल सुबह मेरे साथ शामिल हों।’’
शर्मा पहले कांग्रेस में थे। वह 2001 से जलुकबारी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उन्होंने पहली बार 1996 में इस सीट से चुनाव लड़ा था जिसमें वह असम गण परिषद (अगप) के भृगु कुमार फुकन से हार गए थे। उन्होंने 2001 में इस सीट पर जीत दर्ज की।
शर्मा की जीत का सिलसिला जारी रहा और हर चुनाव में उनकी जीत का अंतर बढ़ता गया। 2021 में उन्होंने 1.01 लाख वोट के रिकॉर्ड अंतर से यह सीट जीती।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की जिसमें मुख्यमंत्री को उनके गढ़ जलुकबारी से मैदान में उतारा गया है।
असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा और मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा सुरभि पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
