scorecardresearch
Thursday, 8 January, 2026
होमदेशहिमाचल प्रदेश : कांगड़ा प्रशासन ने 3000 मीटर के ऊपर ट्रेकिंग पर प्रतिबंध लगाया

हिमाचल प्रदेश : कांगड़ा प्रशासन ने 3000 मीटर के ऊपर ट्रेकिंग पर प्रतिबंध लगाया

Text Size:

शिमला, छह जनवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के प्रशासन ने जिले में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर सभी प्रकार की ट्रेकिंग गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

निर्देश जारी करते हुए, कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ट्रेकिंग संबंधी आदेश जारी किए जाते हैं, और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 3000 मीटर से ऊपर सभी ट्रेकिंग गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए हैं।

ट्रेकिंग गतिविधियों के संबंध में विशेष निर्देश भी जारी किए गए हैं, और करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा मार्गों पर ट्रेकिंग के लिए कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।

हालांकि, शिमला के मौसम विभाग द्वारा चेतावनी या अलर्ट जारी किए जाने की स्थिति में, ट्रेकिंग मार्गों (करेरी, त्रिउंड, आदि हिमानी चामुंडा) के लिए पहले से दी गई सभी अनुमतियां रद्द मानी जाएंगी।

उन्होंने आगे कहा कि आपदा प्रबंधन में शामिल एजेंसियां, जैसे कि राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, मैक्लोडगंज पर्वतारोहण केंद्र और पुलिस खोज और बचाव दल, इन निर्देशों से मुक्त रहेंगी।

उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे कांगड़ा जिले में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े सभी हितधारकों को सूचित करें और उनके यहां ठहरने वाले सभी पर्यटकों को ट्रेकिंग गतिविधियों पर लगे प्रतिबंधों के बारे में बताएं।

भाषा प्रशांत मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments