शिमला, 23 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र से सम्मानित राज्य के शहीद जवानों के प्रति सम्मान की भावना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार शाम राज्य के दो जवानों को मरणोपरांत प्रतिष्ठित कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्मानित किया।
सुक्खू ने कहा कि यह सम्मान हिमाचल प्रदेश के लोगों के साहस, बलिदान और अटूट भावना का प्रतिबिंब है।
राज्य के ऊना जिले के नायक दिलवर खान (28) और किन्नौर जिले के तरांडा गांव के हवलदार रोहित कुमार नेगी (23) को कर्तव्य के दौरान उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए मरणोपरांत सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को सदैव वीर भूमि के रूप में जाना जाता है तथा इतिहास के पन्नों से यह स्पष्ट है कि राज्य के सैनिक सदैव अग्रिम पंक्ति में रहकर राष्ट्र की सीमाओं की दुश्मनों से रक्षा करते रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य को इन बहादुर बेटों पर गर्व है और वह उनके परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.