जींद (हरियाणा), आठ फरवरी (भाषा) जींद जिले में लापता व्यक्ति की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पत्नी के अवैध संबंधों का विरोध करने के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अलेवा थाना पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि उसके प्रेमी को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि गांव अलेवा निवासी दिनेश (36) छह जनवरी को लापता गायब हो गया था। नौ जनवरी को पुलिस ने दिनेश की मां संतोष की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बंधक बनाने का मामला दर्ज किया था और शाम को ही दिनेश का शव गांव के तालाब से बरामद हुआ। मृतक के माथे पर चोट के निशान थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक दिनेश की पत्नी सुमन ने गांव के निवासी सुनील के साथ मिलकर हत्या का षड्यंत्र रचा था। पुलिस के मुताबिक, सुनील ने छह जनवरी की शाम को दिनेश को तलाब पर बुलाया और पहले उसे शराब पिलाई और फिर कथित तौर पर ईंट से हमला करके उसकी हत्या कर दी।
अलेवा थाना प्रभारी बीरबल ने बताया की आरोपी सुमन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति दिनेश की हत्या करवाई थी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
भाषा शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
