scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशअमृतपाल की आखिरी ‘‘लोकेशन’’ कुरुक्षेत्र जिले में मिलने के बाद हरियाणा पुलिस सतर्क

अमृतपाल की आखिरी ‘‘लोकेशन’’ कुरुक्षेत्र जिले में मिलने के बाद हरियाणा पुलिस सतर्क

Text Size:

चंडीगढ़, 24 मार्च (भाषा) हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि कट्टरपंथी अलगाववादी अमृतपाल सिंह का अंतिम ठिकाना (लोकेशन) कुरुक्षेत्र जिले में मिलने के बाद राज्य भर में चौकसी बढ़ा दी गई है और पुलिस कर्मियों को ‘अलर्ट’ पर रखा गया है।

हालांकि, अमृतपाल एवं उसके सहयोगी पपलप्रीत सिंह का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उन्हें 19 मार्च को कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में एक महिला ने कथित तौर पर अपने घर में शरण दी थी।

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा था, ‘जैसे ही हमें जानकारी मिली कि वह पंजाब से बाहर भाग गया है, हमने तुरंत अन्य राज्यों को सतर्क कर दिया।’

हरियाणा की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने शुक्रवार को कहा कि इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि अमृतपाल शाहाबाद से कहां गया। उन्होंने फोन पर पीटीआई-भाषा से कहा, ”अभी तक कोई अन्य जानकारी नहीं है। हालांकि, हम चौकस हैं और नजर रख रहे हैं।”

अमृतपाल और उसके सहयोगी को कुरुक्षेत्र जिले में अपने घर पर कथित तौर पर शरण देने वाली महिला बलजीत कौर को गुरुवार को हिरासत में ले लिया गया। पंजाब पुलिस कौर से पूछताछ कर रही है।

अतिरिक्त डीजीपी (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने अमृतपाल और उसके सहयोगी को शरण देने वाली महिला की जानकारी मिलने के तुरंत बाद इसे पंजाब में अपने समकक्ष के साथ साझा किया।

बृहस्पतिवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया जिसमें अमृतपाल को हरियाणा के शाहाबाद में देखा गया। वह कमीज और पतलून में था। उसके पास एक छाता भी था।

हरियाणा पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बाद में एक अन्य फुटेज भी सामने आया जो 20 मार्च का है। इसमें छाता के साथ अमृतपाल को शाहाबाद बस स्टैंड के सामने एक सड़क पर देखा जा सकता है।

भाषा अविनाश माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments