चंडीगढ़, 21 मई (भाषा) हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को कहा कि औद्योगिक विवादों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 12 जिलों में 12 नये श्रम अदालतों की स्थापना को मंजूरी दी है।
परिवहन एवं श्रम मंत्री विज ने बताया कि इसी के साथ हरियाणा में श्रम अदालतों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी।
बुधवार को यहां एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्री ने 12 अतिरिक्त जिलों में श्रम अदालतों की स्थापना की सिफारिश करते हुए मुख्यमंत्री को एक प्रस्ताव भेजा था।
ये जिले पंचकुला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जिंद, सिरसा, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और मेवात (नूंह) हैं।
विज ने बताया कि इन 12 श्रम अदालतों की स्थापना के लिए बुनियादी ढांचे, फर्नीचर, वाहनों आदि पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.