कुरुक्षेत्र, 16 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में 19 गौशालाओं के लिए शनिवार को 1.80 करोड़ रुपये का चारा अनुदान जारी किया।
सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्यभर में 605 गौशालाओं के लिए चारा सब्सिडी के रूप में 88.50 करोड़ रुपये जारी करेगी।
सैनी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने लोगों को इस पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान सैनी ने ‘गीता’ और आयुर्वेद पर एक शोध प्रकाशन का भी विमोचन किया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण कृपा गौशाला का दौरा किया, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की, गायों को गुड़ और चारा खिलाया तथा श्रीकृष्ण कृपा मंदिर में अनुष्ठान किया।
सैनी ने बताया कि पिछले साढ़े दस वर्षों में सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं को 270 करोड़ रुपये की चारा सब्सिडी प्रदान की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जारी राशि के साथ, कुल सब्सिडी राशि अब 358.50 करोड़ रुपये हो गई है।
सैनी ने कहा कि 2014-15 में हरियाणा गौ सेवा आयोग का बजट केवल दो करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने इस वर्ष इसे बढ़ाकर 595 करोड़ रुपये कर दिया है।
वर्ष 2014 तक, हरियाणा में केवल 215 पंजीकृत गौशालाएं थीं, जिनमें लगभग 1.75 लाख मवेशी थे। वर्तमान में राज्य में 686 पंजीकृत गौशालाएं हैं, जिनमें लगभग चार लाख आवारा मवेशी हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.