scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमदेशराहुल गांधी की टिप्पणी पर हरियाणा सीएम सैनी का हमला, बोले– ‘कांग्रेस के डीएनए में ही जवाब छिपा है’

राहुल गांधी की टिप्पणी पर हरियाणा सीएम सैनी का हमला, बोले– ‘कांग्रेस के डीएनए में ही जवाब छिपा है’

प्रधानमंत्री मोदी ने सवाल उठाया कि क्या विचारधारा बदलने से कोई देशद्रोही हो जाता है.

Text Size:

करनाल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई टिप्पणी को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की और कांग्रेस से माफी मांगने को कहा.

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “कांग्रेस के डीएनए में ही इन सबका जवाब है. 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों से आज तक कांग्रेस ने माफी नहीं मांगी है. उनका व्यवहार आज भी उसी सोच को दिखाता है. राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए.”

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब संसद के मकर द्वार के पास राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक हुई. राहुल गांधी ने कहा, “यहां एक गद्दार जा रहा है, इसका चेहरा देखिए” और फिर कहा, “हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त. चिंता मत करो, तुम वापस आ जाओगे.” बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और राहुल गांधी को “देश का दुश्मन” कहा.

इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने भाजपा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को “गद्दार” कहे जाने को सिख समुदाय का अपमान और कांग्रेस के “घमंड की पराकाष्ठा” बताया.

उच्च सदन में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के बाहर रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहा, जिन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की थी.

प्रधानमंत्री ने कहा, “कल क्या हुआ—कांग्रेस के ‘युवराज’, जिनके पास ‘शातिर दिमाग’ है, उन्होंने इस सदन के एक सदस्य को गद्दार कहा. उनका घमंड चरम पर है. कांग्रेस छोड़ने वाले और भी लोग हैं, लेकिन उन्होंने इस सांसद को इसलिए गद्दार कहा क्योंकि वह सिख हैं. यह सिखों और गुरुओं का अपमान है. यह कांग्रेस की नफरत को दिखाता है.”

प्रधानमंत्री मोदी ने सवाल उठाया कि क्या विचारधारा बदलने से कोई देशद्रोही हो जाता है.

उन्होंने कहा, “सिर्फ इसलिए कि किसी ने विचारधारा बदली, वह गद्दार बन गया? यह छोटा शब्द नहीं है. देश कैसे बर्दाश्त कर सकता है कि किसी नागरिक को गद्दार कहा जाए?”

उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार कांग्रेस को और पतन की ओर ले जाएगा. उन्होंने कहा, “ऐसे लोग कांग्रेस को डुबो देंगे.”

share & View comments