scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशग्वालियर: खाना बनाने से इंकार करने पर पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

ग्वालियर: खाना बनाने से इंकार करने पर पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

Text Size:

ग्वालियर (मध्यप्रदेश), आठ फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में खाना बनाने से इंकार करने पर एक व्यक्ति ने अपनी बीमार पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को जानकारी दी।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अतुल सोनी ने बताया कि मृतक की पहचान रुचि (35) के रूप में हुई है और उसके दो बच्चे हैं, जिनमें 14 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय बेटा शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे हुई, जब आरोपी सोनू तोमर शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से खाना बनाने को कहा।

उन्होंने कहा कि बीमारी के चलते खाना बनाने से इंकार किए जाने पर उसने गुस्से में आकर रुचि पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोनी ने बताया कि घटना के समय घर में मृतक के सास-ससुर और दोनों बच्चे मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि महिला के ससुर जगदीश तोमर ने वारदात की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची।

सीएसपी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी घर से निकलकर स्टेशन बजरिया क्षेत्र में शराब पीने चला गया और बाद में वापस घर लौट आया, जहां मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने इस्तेमाल किया गया हथियार रास्ते में कहीं फेंक दिया है।

सीएसपी ने परिवार वालों के हवाले से बताया कि आरोपी शराब का आदी है और उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब

जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments