अहमदाबाद, 19 फरवरी (भाषा) गुजरात पुलिस ने महिला मरीजों के हैक किए गए वीडियो हासिल करने और उन्हें यूट्यूब एवं टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों के जरिए बेचने के आरोप में महाराष्ट्र से दो और उत्तर प्रदेश से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने महिला मरीजों की क्लिप हासिल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय हैकर की मदद ली थी।
अहमदाबाद पुलिस ने 17 फरवरी को एक अस्पताल के प्रसूति कक्ष के अंदर डॉक्टरों द्वारा महिला मरीजों की जांच करने के वीडियो ऑनलाइन प्रसारित होने के बाद मामला दर्ज किया था। वीडियो में, जो सीसीटीवी फुटेज प्रतीत होता है, महिला मरीजों को एक अस्पताल के बंद कमरे के अंदर एक महिला डॉक्टर द्वारा जांच करते या एक नर्स द्वारा इंजेक्शन लगाते देखा जा सकता है।
अहमदाबाद साइबर अपराध शाखा की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने बाद में पता लगाया कि वीडियो राजकोट स्थित अस्पताल ‘पायल मैटरनिटी होम’ के सीसीटीवी फुटेज का हिस्सा थे।
इसमें कहा गया कि कुछ हैकर ने अस्पताल की सीसीटीवी प्रणाली में सेंध लगाई और फुटेज हासिल कर ली। बाद में कुछ क्लिप तीन यूट्यूब चैनल द्वारा साझा की गईं, जिनके विवरण में एक टेलीग्राम समूह का लिंक था।
अधिकारियों ने कहा कि उस टेलीग्राम समूह में प्रति वीडियो के लिए 2,000 रुपये मांगे गए थे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि साइबर पुलिस ने इस गिरोह को चलाने वाले तीन लोगों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के लातूर और सांगली के क्रमशः प्रज्वल तेली और प्रज पाटिल तथा उत्तर प्रदेश के चंद्र प्रकाश के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि तीनों आरोपियों ने वीडियो हासिल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय हैकर की मदद ली और सोशल मीडिया मंच के जरिए क्लिप बेचने की कोशिश की।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.