अहमदाबाद, 20 सितंबर (भाषा) नवगठित ‘समस्त क्षत्रिय शक्ति अस्मिता मंच’ ने शुक्रवार को गुजरात के भावनगर के अंतिम राजा दिवंगत कृष्ण कुमारसिंहजी गोहिल के लिए भारत रत्न की मांग की।
उनके पोते विजयराज सिंह गोहिल को आज इस संगठन का पहला अध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम में दांता राजघराने के ऋद्धिराज सिंह ने कृष्ण कुमार सिंहजी गोहिल के लिए भारत रत्न और अन्य राजपूत शासकों को पहचान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गोहिल देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के आह्वान पर अपना राज्य छोड़ने वाले पहले व्यक्ति थे।
सिंह ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा, ‘‘सरदार वल्लभभाई पटेल अखंड भारत का निर्माण कर पाये क्योंकि कृष्ण कुमार सिंहजी गोहिल जैसे महाराजा आगे आए और उन्होंने देश के लिए अपना राज्य दे दिया। यह गोहिल ही थे जिन्होंने भावनगर राज्य में पंचायती राज की शुरुआत की। हम लंबे समय से उनके लिए भारत रत्न की मांग कर रहे हैं। हम भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे।’’
भाषा राजकुमार माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.