scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशगुजरात सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगी: सांघवी

गुजरात सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगी: सांघवी

Text Size:

डाकोर (गुजरात), तीन मार्च (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने मंगलवार को कहा कि ईरान-इजराइल-पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच खाड़ी देशों में फंसे भारतीय यात्रियों को लेकर पहली निकासी उड़ान नयी दिल्ली में उतर चुकी है, इसमें गुजरात के लोग भी शामिल हैं,।

सांघवी होली उत्सव में भाग लेने के लिए खेड़ा जिले के डाकोर स्थित रणछोड़रायजी मंदिर में पहुंचे। इस दौरान एक अन्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।

सांघवी ने कहा, ‘‘भारत सरकार ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। पहली उड़ान दिल्ली पहुंच चुकी है। सभी को दूतावास की ओर से दी गई जानकारी का पालन करना चाहिए।’’

अमेरिका-इजराइल-ईरान के बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच अहमदाबाद, आणंद और गुजरात के अन्य जिलों के कई लोग पश्चिम एशियाई देशों में फंसे हुए हैं।

केंद्र ने सोमवार को कहा कि वह खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए भारतीय दूतावासों के संपर्क में है।

हालांकि, सांघवी ने उड़ान के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी, लेकिन एअर इंडिया ने मंगलवार को दुबई से दिल्ली के लिए 149 यात्रियों को लेकर उड़ान संचालित की।

एयरलाइन ने कहा, ‘‘हम उड़ान ‘एआई916डी’ के जरिये दुबई से आए अपने मेहमानों और चालक दल का स्वागत करते हुए प्रसन्नता हो रही है। मध्य पूर्व में जारी घटनाक्रम के बीच, यह किसी भारतीय एयरलाइन की पहली उड़ान है जो आज 149 यात्रियों और चालक दल के आठ सदस्यों के साथ नयी दिल्ली पहुंची।’’

सांघवी सुबह करीब तीन बजे प्रसिद्ध रणछोड़रायजी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। बाद में उन्होंने भव्य रंगोत्सव समारोह में भाग लिया।

अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाज के तहत भगवान रणछोड़राय के चरणों में ध्वजा भी अर्पित की।

भाषा संतोष रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments