आणंद, 10 फरवरी (भाषा) गुजरात के आणंद जिले से अमेरिका जा रहे एक दंपति को अजरबैजान में अगवा कर लिया गया और अपहर्ताओं ने उनकी रिहाई के लिए फिरौती की मांग की, लेकिन भारतीय विदेश मंत्रालय की मदद से उन्हें बचा लिया गया। स्थानीय लोकसभा सदस्य ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आणंद से सांसद मितेश पटेल ने एक वीडियो बयान में कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा समय पर उठाए गए कदमों के कारण दंपति, ध्रुव पटेल और उनकी पत्नी दीपिका को छोड़ दिया गया और वे सुरक्षित हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ने कहा, ‘‘दो दिन पहले ध्रुव पटेल और दीपिका पटेल के माता-पिता ने मुझसे संपर्क किया और बताया कि उनका अजरबैजान में अपहरण कर लिया गया है। उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि अजरबैजान के अपहर्ताओं ने उनकी रिहाई के लिए फिरौती की मांग की थी।’’
मितेश पटेल ने कहा कि मामले की जानकारी विदेश मंत्री एस जयशंकर को दी गई। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने अजरबैजान में भारतीय दूतावास से संपर्क किया और 24 घंटे के भीतर, अपहृत दंपति को बचा लिया गया और वहां की राजधानी बाकू में दूतावास में लाया गया।
लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘अपहर्ताओं ने दंपति को फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। हमारी सरकार ने उन्हें बचाने के लिए बहुत मेहनत की। मैं आणंद के युवाओं से अपील करना चाहता हूं कि ऐसे एजेंटों के माध्यम से विदेश जाने की कोशिश न करें, बल्कि यहीं काम करें। आपको यहां (गुजरात में) सबसे अच्छे अवसर मिलेंगे।’’
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
