गांधीनगर, 11 मार्च (भाषा) गुजरात में भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के नेता और पूर्व विधायक महेश वसावा और कांग्रेस के पूर्व विधायक महेश पटेल सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ में आयोजित एक समारोह में प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने कांग्रेस के पूर्व विधायक और आम आदमी पार्टी (आप) के स्थानीय नेताओं व उनके समर्थकों को भाजपा में शामिल किया
बीटीपी प्रमुख छोटू वसावा के बेटे महेश वसावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे। महेश वसावा ने जनता दल की टिकट पर नर्मदा जिले के डेडियापाडा से 2002 का विधानसभा चुनाव जीता था। डेडियापाडा, आदिवासी आरक्षित सीट है।
महेश 2007 और 2012 में चुनाव हार गए थे लेकिन 2017 विधानसभा चुनावों में उन्होंने फिर से जीत हासिल की।
महेश वसावा 2022 में भरूच की झगड़िया सीट से बीटीपी उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था लेकिन अपने पिता के साथ मतभेदों के कारण उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया।
पूर्व कांग्रेस विधायक महेश पटेल ने 2017 में पालनपुर विधानसभा सीट जीती लेकिन 2022 में भाजपा के अंकित ठाकर से हार गए।
कांग्रेस के पूर्व विधायक महेश पटेल ने 2017 में पालनपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी लेकिन 2022 के चुनाव में उन्हें भाजपा के अंकित ठाकर से हार का सामना पड़ा था।
इस मौके पर भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का हिस्सा बनने के लिए विभिन्न दलों के नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ”जब मोदी मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने गुजरात के विकास का मॉडल स्थापित किया, जिसने देश भर के लोगों को उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में चुनने के लिए प्रेरित किया। आज, राजनीतिक पंडित भी मानते हैं कि मोदी 400 से अधिक सीटों के साथ तीसरी बार चुनाव जीतेंगे।”
भाजपा में शामिल होने के बाद महेश वसावा ने कहा कि उन्हें मोदी के साथ काम करने का मौका तब मिला था जब वह (मोदी) पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने कहा, ”मोदीजी, जिस तरह से देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं उससे प्रेरित होकर मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। हम लोकसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।”
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.