scorecardresearch
शुक्रवार, 6 जून, 2025
होमदेशसरकार ने वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन के लिए ‘उम्मीद’ पोर्टल की शुरुआत की

सरकार ने वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन के लिए ‘उम्मीद’ पोर्टल की शुरुआत की

Text Size:

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) सरकार ने शुक्रवार को ‘उम्मीद’ पोर्टल की शुरुआत की, जिसमें सभी वक्फ संपत्तियों की ‘जियो-टैगिंग’ के बाद एक डिजिटल सूची तैयार की जायेगी।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया, जो समुदाय के स्वामित्व वाली वक्फ संपत्तियों का गरीब मुसलमानों के लिए प्रभावी और निष्पक्ष उपयोग को सुनिश्चित करेगा।

‘उम्मीद’ पोर्टल एकीकृत वक्फ प्रबंधन, सशक्तीकरण, दक्षता और विकास अधिनियम, 1995 का संक्षिप्त रूप है।

रीजीजू ने इस पोर्टल की शुरुआत करने के बाद कहा, ‘‘उम्मीद पोर्टल भारत में वक्फ संपत्ति प्रबंधन और प्रशासन के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। इससे न केवल पारदर्शिता आएगी बल्कि आम मुसलमानों, खासकर महिलाओं और बच्चों को भी मदद मिलेगी।’’

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा विकसित इस पोर्टल की औपचारिक शुरूआत केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन की मौजूदगी में की गई।

इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए रीजीजू ने इस बात पर जोर दिया कि ‘उम्मीद’ केंद्रीय पोर्टल महज तकनीकी उन्नयन से कहीं अधिक है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा करने तथा समुदाय के स्वामित्व वाली वक्फ परिसंपत्तियों का गरीब मुसलमानों के लिए प्रभावी और निष्पक्ष उपयोग सुनिश्चित करने के वास्ते सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिनके लिए यह मूल रूप से बनाया गया था।’’

पोर्टल का उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही और जन भागीदारी को बढ़ाना है। पोर्टल की मुख्य विशेषताओं में सभी वक्फ संपत्तियों की जियो-टैगिंग के साथ एक डिजिटल सूची बनाना शामिल है।

कुरियन ने इस मौके पर कहा कि यह पोर्टल एक ऐसा सुधार है जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था और जो वक्फ प्रशासन को लोगों के करीब लाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रणाली सुनिश्चित करती है कि प्रत्येक संपत्ति का लेखा-जोखा रखा जाए तथा उसका उपयोग उसके मूल उद्देश्य के अनुसार किया जाए।’’

भाषा देवेंद्र सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments