scorecardresearch
बुधवार, 28 मई, 2025
होमदेशभाजपा के प्रति वफादारी के लिए जॉर्ज कुरियन को मंत्री पद से पुरस्कृत किया गया

भाजपा के प्रति वफादारी के लिए जॉर्ज कुरियन को मंत्री पद से पुरस्कृत किया गया

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, नौ जून (भाषा) केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी सरकार में भाजपा की केरल इकाई के महासचिव जॉर्ज कुरियन को मंत्री पद मिलना वास्तव में एक वफादार पार्टी कार्यकर्ता के लिए एक पुरस्कार है जो 1970 के दशक के अंत में आपातकाल के बाद से पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

वह 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद से ही इसके साथ रहे हैं।

केरल के कोट्टायम जिले के निवासी कुरियन एक प्रतिबद्ध भाजपा कार्यकर्ता रहे हैं जिन्होंने उतार-चढ़ाव के दौरान पार्टी का झंडा हमेशा बुलंद रखा। वह राज्य में कभी भी पार्टी में खेमेबाजी में शामिल नहीं हुए।

भाजपा के कई राष्ट्रीय नेताओं के साथ अच्छे संबंध रखने वाले कुरियन ने कई वर्षों तक राज्य में पार्टी के उपाध्यक्ष और महासचिव जैसे लगभग सभी प्रमुख पदों पर काम किया।

पेशे से वकील कुरियन भाजपा के युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य सहित विभिन्न पदों पर रहे।

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली पहली सरकार के कार्यकाल में कुरियन को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें इसके उपाध्यक्ष के पद पर पदोन्नत किया गया।

वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रेल मंत्री ओ राजगोपाल के विशेष कर्तव्य अधिकारी थे।

कुरियन को मंत्री पद दिए जाने को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा ईसाई समुदाय के लिए इस संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है कि वह केरल में उनके साथ अपने बंधन को और मजबूत करना चाहती है।

पार्टी पिछले कुछ वर्षों से अपना आधार बढ़ाने के लिए ईसाइयों तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रही है जिनकी आबादी केरल में लगभग 20 प्रतिशत है।

हिंदी और अंग्रेजी पर कुरियन की पकड़ ने कई बार राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों की उपस्थिति वाले महत्वपूर्ण पार्टी कार्यक्रमों के दौरान अनुवादक के रूप में उनकी मौजूदगी सुनिश्चित की है।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments