नोएडा (उप्र), 14 अगस्त (भाषा) गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2023 के लिए ‘उत्कृष्ट सेवा’ पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा साझा की गई एक सूची के अनुसार, गृह मंत्रालय द्वारा सराहनीय सेवा पदक की घोषणा 77वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर की गई। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की 2000 बैच की अधिकारी लक्ष्मी सिंह ने 2022 में गौतमबुद्ध नगर के दूसरे पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभाला।
इससे पूर्व उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सराहनीय सेवा पदक, प्रधान मंत्री द्वारा सिल्वर बैटन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक और अतीत में डीजीपी के प्रशस्ति डिस्क (प्लैटिनम, गोल्ड और सिल्वर) से सम्मानित किया गया है।
सिंह (49) के बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) में स्नातक और समाजशास्त्र में परास्नातक हैं।
लक्ष्मी सिंह कई जनपदों में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वह वाराणसी, चित्रकूट, गोंडा, फर्रुखाबाद, बागपत और बुलंदशहर में कार्य कर चुकी है। नोएडा में तैनाती से पहले वह लखनऊ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक पर पर कार्यरत थीं।
भाषा सं. धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.