scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशदार्जिलिंग से सूरजकुंड तक: भारत में झूलों और केबल कार हादसों की डरावनी यादें

दार्जिलिंग से सूरजकुंड तक: भारत में झूलों और केबल कार हादसों की डरावनी यादें

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) हरियाणा के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में झूले के गिरने की घटना ने देशभर में मनोरंजन पार्क और केबल कार हादसों के पुराने जख्मों को कुरेद दिया है।

इन घटनाओं ने फिर से यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि हमारी सुरक्षा कितनी नाजुक है और कैसे एक पल में खुशियां मातम में बदल सकती हैं।

ताजा घटना शनिवार को फरीदाबाद के मेला स्थल की है, जब एक विशाल झूला हवा में ही टूट कर गिर गया, जिससे एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने झूलों का संचालन रोक दिया है और जांच के आदेश दिए हैं।

पिछले कुछ वर्षों में भारत में मनोरंजन पार्क में झूलों और केबल कार हादसों की सूची ये है:

– झाबुआ मेला, मध्य प्रदेश (2026): 19 जनवरी को एक विशाल झूला अचानक गिर गया, जिसमें लगभग 14 स्कूली बच्चे घायल हो गए। प्रशासन ने त्वरित जांच का आदेश दिया और झूले का संचालन रोक दिया।

– दक्षिण पश्चिमी दिल्ली मनोरंजन पार्क (2025): तीन अप्रैल को सीट बेल्ट खराब होने के कारण 24 वर्षीय महिला रोलर कोस्टर से गिर गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद पार्क का यह झूला बंद कर दिया गया और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

– वीजीपी यूनिवर्सल किंगडम, चेन्नई (2025): 28 मई को एक रोमांचकारी झूला हवा में बीच रास्ते में अटक गया। लगभग 30 लोग तीन घंटे तक फंसे रहे। बचाव टीम ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला और झूले को जांच के लिए बंद कर दिया गया।

– कागल मेला, कोल्हापुर, महाराष्ट्र (2025): 25 अक्टूबर को टावर झूले में तकनीकी खामी के कारण 18 लोग लगभग 80 फुट ऊंचाई पर कई घंटे फंसे रहे। बचाव टीम ने उन्हें सुरक्षित उतारा, और सभी झूलों की सुरक्षा जांच का आदेश दिया गया।

– पावागढ़ रोपवे, गुजरात (2025): छह सितंबर को कार्गो रोपवे का केबल टूट गया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया और जांच के लिए तकनीकी समिति बनाई गई।

– नैनीताल रोपवे, उत्तराखंड (2023): 27 जुलाई को तकनीकी खराबी के कारण केबल कार बीच रास्ते में रुक गई। छह विदेशी पर्यटक समेत 12 यात्री फंस गए। सभी को सुरक्षित बचाया गया, और कार को मरम्मत और सुरक्षा निरीक्षण के बाद चालू किया गया।

– त्रिकूट रोपवे, देवघर, झारखंड (2022): 10 अप्रैल को दो केबल कारें बीच हवा में टकरा गईं। दो लोगों की मौत हुई और कई लोग घंटों फंसे रहे। राज्य सरकार ने जांच का आदेश दिया और निजी संचालक को कालीसूची में डाल दिया गया।

– कांकरिया मनोरंजन पार्क, अहमदाबाद (2019): 14 जुलाई को मुख्य शाफ्ट का पाइप टूटने से पेंडुलम झूला गिर गया जिससे दो लोगों की मौत हो गई और करीब 30 घायल हो गए। झूले का संचालन तुरंत रोक दिया गया और पार्क का सुरक्षा ऑडिट कराया गया।

– दार्जिलिंग रोपवे, पश्चिम बंगाल (2003): 19 अक्टूबर को तकनीकी खामी के कारण कई केबल कारें फिसल गईं, जिसमें चार लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हो गए। रोपवे को लंबी अवधि के लिए बंद किया गया और बाद में पूरी तरह से नया सिस्टम लगाया गया।

भाषा खारी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments